Patna News:- बिहार की राजनीति आज एक बार फिर ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनी, जब नीतीश कुमार ने पटना के गांधी मैदान में शानदार शपथ ग्रहण समारोह के बीच दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति ने इस समारोह को और भी खास बना दिया। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने नीतीश कुमार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री के साथ भाजपा कोटे से सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इस बार के मंत्रिमंडल में युवा और अनुभवी चेहरों का संतुलित मिश्रण देखने को मिला। पहली बार मंत्री पद पाने वालों में जमुई की विधायक और पूर्व शूटिंग चैंपियन श्रेयसी सिंह तथा अराई से विजयी रमा निषाद शामिल हैं। दोनों को युवा नेतृत्व के प्रतिनिधि के रूप में देखा जा रहा है।
नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल प्रमुख चेहरे हैं—सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, विजय चौधरी, विजय प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडे, डॉ. दिलीप जायसवाल, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन साहनी, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, संतोष कुमार सुमन, सुनील कुमार, मोहम्मद जमा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लाखेंद्र कुमार रोशन, श्रेयसी सिंह, प्रमोद कुमार, संजय कुमार, संजय कुमार सिंह और दीपक प्रकाश।
इस मंत्रिमंडल में जहां मंगल पांडे, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी और नितिन नवीन जैसे अनुभवी नेताओं को फिर से जिम्मेदारियां मिली हैं, वहीं श्रेयसी सिंह, रमा निषाद, दीपक प्रकाश और लाखेंद्र रोशन जैसे नए चेहरों ने युवा उम्मीदों को बल दिया है। नए मंत्रिमंडल में दलित, पिछड़ा, अत्यंत पिछड़ा, महिला और अल्पसंख्यक समुदायों को भरपूर प्रतिनिधित्व देने का संतुलित प्रयास साफ दिखाई देता है।
शपथ ग्रहण समारोह का सांस्कृतिक रंग भी खूब जमकर बिखरा। मैथिली ठाकुर, सांसद व गायक मनोज तिवारी और भोजपुरी स्टार पवन सिंह की प्रस्तुतियों ने उपस्थित भीड़ को रोमांचित कर दिया। राजनीतिक और सांस्कृतिक माहौल के इस मेल ने समारोह को बेहद खास बना दिया।

