Betiya News:- जिले के लौरिया प्रखंड में गुरुवार को यूरिया की किल्लत को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। खाद के लिए लगातार हो रही मारामारी और आपूर्ति में देरी से नाराज़ किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-727 (NH-727) को नंदनगढ़ चौक के पास जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन में सैकड़ों किसान सड़क पर उतर आए, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
हालात बिगड़ते देख नरकटियागंज के एसडीएम सूर्य प्रकाश गुप्ता स्वयं मौके पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की। उन्होंने मौके पर ही इफ्को गोदाम को खोलवाया और खाद वितरण की प्रक्रिया शुरू करवाई। प्रशासन की पहल से स्थिति कुछ हद तक नियंत्रित हुई, लेकिन भीड़ अत्यधिक होने के कारण कुछ देर बाद वितरण प्रक्रिया रोकनी पड़ी।
इस दौरान मटियरिया की सारदा देवी, जो चिलचिलाती धूप में घंटों से लाइन में खड़ी थीं, बेहोश होकर गिर पड़ीं। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें छांव में बैठाया और पानी पिलाया, जिससे उनकी तबीयत में सुधार हुआ।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि धान और गन्ना की फसलों में यूरिया की आवश्यकता इस समय सबसे अधिक होती है। लेकिन कई दिनों से गोदाम पर भीड़ जुटने के बावजूद उन्हें खाद नहीं मिल रही। एक किसान ने कहा, “हर दिन सुबह से लाइन में लगते हैं, लेकिन निराश होकर लौटना पड़ता है। अब फसलें पीली पड़ने लगी हैं।”
इस मसले पर जिला कृषि पदाधिकारी सरफराज अहमद ने बताया कि प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि किसानों को जल्द से जल्द खाद उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मिलकर हालात को सामान्य करने में जुटे हैं।
इस घटना ने एक बार फिर बिहार में खाद वितरण व्यवस्था की खामियों को उजागर कर दिया है।

