Dhanbad News:- नए साल की शुरुआत कोयलांचल में दहशत के माहौल के साथ हुई, जब निरसा थाना क्षेत्र में पैसे के लेनदेन को लेकर अंधाधुंध फायरिंग की घटना सामने आई। फिल्मी अंदाज में की गई इस फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना निरसा थाना क्षेत्र के खुदिया नदी काली माटी कॉलोनी की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक पर सवार युवक दोनों हाथों में पिस्टल लेकर चलते-चलते लगातार फायरिंग करता हुआ नजर आया। फायरिंग की आवाज से लोग इधर-उधर भागने लगे और पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
स्थानीय युवक गुड्डू चौहान ने बताया कि बाइक पर दो युवक सवार थे, जिसमें पीछे बैठा युवक दोनों हाथों में पिस्टल लेकर काली मंदिर की ओर से फायरिंग करता हुआ कॉलोनी की तरफ गया। उन्होंने बताया कि फायरिंग करने वाले युवकों का कुछ अन्य युवकों के साथ पहले विवाद हुआ था। एक पक्ष में चार से पांच युवक थे, जबकि दूसरे पक्ष में सात से आठ युवक शामिल थे। आरोप है कि गोराई सिंह के पुत्र युवराज सिंह द्वारा फायरिंग की गई, जिसमें लोग बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही निरसा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके से पुलिस ने छह खोखा बरामद किया है। निरसा एसडीपीओ रजत माणिक बाखला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पैसे के लेनदेन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। निरंजन नामक युवक ने किसी से 15 हजार रुपये लिए थे, जिसकी वापसी को लेकर विवाद चल रहा था। पैसे नहीं लौटाने और फोन नहीं उठाने के कारण युवक उसे खोजते हुए वहां पहुंचे थे।
एसडीपीओ ने बताया कि इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हल्की झड़प हुई, जिसके बाद फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने एक आरोपी की पहचान कर ली है और मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

