Araria News:- अररिया जिले में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की फुलकाहा बीओपी की विशेष गश्ती टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने शुक्रवार को भारत-नेपाल सीमा के समीप 85 किलो गांजा के साथ एक नेपाली तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसबी 56वीं वाहिनी की फुलकाहा बीओपी टीम द्वारा कार्यक्षेत्र कोशकापुर में की गई।
जानकारी के अनुसार, एसएसबी की विशेष गश्ती टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से गांजा की बड़ी खेप भारत की ओर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 187/1 के पास भारत साइड में लगभग दो मीटर की दूरी पर नाका लगा दी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि देख टीम ने मौके पर छापेमारी की, जहां से 85 किलो गांजा के साथ एक तस्कर को धर दबोचा गया।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान नेपाल के सुनसरी जिला स्थित कप्तानगंज निवासी मोहम्मद सिराजुद्दीन, पिता मोहम्मद जमालउद्दीन के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह नेपाल से गांजा लाकर भारत में बेचने की फिराक में था।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि जब्त गांजा और आरोपी तस्कर को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद फुलकाहा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। वहीं, एसएसबी की इस कार्रवाई से सीमाई इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल गिरोहों में हड़कंप मचा हुआ है।
सशस्त्र सीमा बल ने स्पष्ट किया है कि सीमा पार से हो रही तस्करी और अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। सीमा क्षेत्र में लगातार नाका जांच और गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की तस्करी को रोका जा सके।

