Motihari News :- नेपाल से संचालित जाली नोट के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का बड़ा खुलासा बिहार के मोतिहारी में हुआ है। जिला मुख्यालय के पतौरा इलाके में पुलिस ने छापेमारी कर जाली नोट छापने की मशीन, कंप्यूटर और बड़ी संख्या में अधछपे पांच सौ रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड रवि श्रीवास्तव बताया जा रहा है, जो नेपाल से आकर मोतिहारी में जाली नोट की छपाई करता था।
पुलिस के अनुसार, नेपाल में रवि श्रीवास्तव और उसके सिंडिकेट से जुड़े करीब एक दर्जन बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ। नेपाल पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर मोतिहारी पुलिस हरकत में आई और शहर के छतौनी क्षेत्र स्थित बंगाली कॉलोनी में छापेमारी की। यहां रवि की पत्नी से पूछताछ की गई, जिसकी निशानदेही पर पुलिस टीम पतौरा पहुंची।
पतौरा में पुलिस ने एक किराए के मकान में छापा मारा, जहां से प्रिंटर, कंप्यूटर और अधछपे जाली नोट बरामद किए गए। यह मकान अरुण साह नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है, जिसे रवि ने करीब सात-आठ महीने पहले किराए पर लिया था। पुलिस का कहना है कि यह मकान महीने में केवल दो-चार बार ही खोला जाता था, जिससे किसी को शक न हो।
सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार और सदर डीएसपी टू जितेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस को कई अहम सबूत हाथ लगे हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि जाली नोटों की मांग बढ़ने पर रवि और उसके साथी नेपाल से मोतिहारी आते थे, यहां नोटों की छपाई करते थे और फिर वापस नेपाल लौट जाते थे।
बताया जा रहा है कि एक सप्ताह पहले नेपाल पुलिस ने बारा जिले के कलैया में छापेमारी कर जाली नोट तस्करी से जुड़े कई अपराधियों को गिरफ्तार किया था। उन्हीं की पूछताछ में रवि श्रीवास्तव का नाम सामने आया। इसके बाद नेपाल पुलिस ने मोतिहारी पुलिस से संपर्क कर पूरे नेटवर्क की जानकारी साझा की।
हालांकि, पूछताछ के दौरान रवि की पत्नी ने जाली नोट की छपाई की जानकारी से इनकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी हुई है। मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

