Patna News:- बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को शिवहर और सीतामढ़ी में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए राजग की भारी बहुमत से वापसी का दावा किया। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर की दोपहर होते-होते कांग्रेस और राजद का सूपड़ा साफ हो जाएगा और बिहार में राजग की मजबूत सरकार बनेगी।
अमित शाह ने राजद व कांग्रेस नेतृत्व पर प्रहार करते हुए कहा कि लालू यादव अपने बेटे को मुख्यमंत्री और सोनिया गांधी अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं, लेकिन बिहार की जनता परिवारवाद की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। “न लालू का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा, न सोनिया का बेटा प्रधानमंत्री, क्योंकि बिहार में नीतीश कुमार और देश में मोदी है,” शाह ने कहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस-राजद ने बिहार को जंगलराज में धकेला था, जबकि नीतीश-मोदी की जोड़ी ने राज्य को सुशासन, विकास और सुरक्षा का भरोसा दिया है। राजग की राजनीति सेवा और विकास की है, जबकि विपक्ष केवल सत्ता और स्वार्थ की राजनीति करता है।
शाह ने छठ महापर्व का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के जरिए छठी मैया का अपमान किया है, और इसका जवाब जनता चुनाव में जरूर देगी। उन्होंने महागठबंधन को ‘महाठगबंधन’ बताते हुए कहा कि न इनके पास नेता है, न नीति और न ही नीयत।
उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने 10 साल में बिहार को केवल 2.80 लाख करोड़ रुपये दिए थे, जबकि मोदी सरकार ने अब तक 18.70 लाख करोड़ रुपये की सहायता दी है। अमित शाह ने वंदे भारत ट्रेन को सीतामढ़ी से अयोध्या तक शुरू करने और किसान सम्मान निधि को 6,000 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये करने की घोषणा भी की।

