New Delhi News:- राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में सीपी राधाकृष्णन का नाम तय किया है। मंगलवार को संसद भवन स्थित जी.एम.सी. बालयोगी ऑडिटोरियम में आयोजित संसदीय दल की बैठक में उनका औपचारिक स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य तथा एनडीए के सहयोगी दलों के सभी सांसद मौजूद रहे।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सीपी राधाकृष्णन का परिचय कराया और उन्हें उपराष्ट्रपति पद के लिए आदर्श उम्मीदवार बताया। उन्होंने सांसदों से अपील की कि वे एकजुट होकर एनडीए द्वारा चुने गए उम्मीदवार का सर्वसम्मति से समर्थन करें। प्रधानमंत्री ने कहा कि राधाकृष्णन का जीवन सरल, निष्कलंक और समाजसेवा के लिए समर्पित रहा है। उनका कोई विवादित अतीत नहीं है और न ही किसी प्रकार का भ्रष्टाचार का आरोप है। यदि ऐसा व्यक्ति देश का उपराष्ट्रपति बनता है, तो यह लोकतंत्र और देश दोनों के लिए गर्व की बात होगी।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक के बाद मीडिया को जानकारी दी कि सभी सांसदों ने राधाकृष्णन का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी विभिन्न नेताओं से संवाद कर रहे हैं ताकि उपराष्ट्रपति चुनाव में व्यापक समर्थन सुनिश्चित हो सके।
इससे पहले सोमवार शाम केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पर हुई एक अहम बैठक में यह फैसला किया गया था कि सीपी राधाकृष्णन 20 अगस्त को सुबह 11 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी स्वयं मौजूद रहेंगे और एनडीए के सभी सांसद नामांकन प्रक्रिया में शामिल होंगे।
एनडीए की इस रणनीति का मकसद उपराष्ट्रपति चुनाव में सर्वसम्मति सुनिश्चित करना है। यदि सभी दलों का सहयोग मिला तो सीपी राधाकृष्णन निर्विरोध उपराष्ट्रपति चुने जा सकते हैं।

