Monday, 20 May 2024 || 22:40

भाजपा हर हाल में करेगी 400 पार, भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाएगी जनता : बाबूलाल मरांडी

Chatra:  चतरा लोकसभा सीट के एनडीए प्रत्याशी कालीचरण सिंह ने शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी को हर हाल में 400 सीटें मिलेंगी। इस बार चतरा की जनता को रिकॉर्ड बनाना है। पिछले लोकसभा चुनाव में जितना वोट एनडीए प्रत्याशी को मिला था, उससे अधिक वोट से इस बार एनडीए प्रत्याशी को विजयी बनाना है।

मरांडी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि हमें देश को विकसित भारत बनाना है। समृद्ध भारत बनाना है। यह तब पूरा होगा जब फिर से प्रधानमंत्री 2024 में भारी बहुमत से जीतेंगे। प्रधानमंत्री मोदी देश के लिए काम कर रहे हैं। गांव के लिए काम कर रहे हैं। गरीबों के लिए काम कर रहे हैं। मजदूरों और गरीबों के लिए काम कर रहे हैं। किसानों के लिए काम कर रहे हैं। गरीबों को प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, घर में खाना बनाने के लिए गैस कनेक्शन दिया। कोई गरीब भूखा नहीं सोए, इसके लिए भी हर महीने मुफ्त राशन दे रहे हैं। जो व्यक्ति बीमार हो जाए उसका इलाज भी अच्छे अस्पतालों में हो, उसके लिए भी पांच लाख रुपये का बीमा कराया है।

मरांडी ने कहा कि इंडी गठबंधन के लोग अपने लिए राजनीति करते हैं। परिवार के लिए राजनीति करते हैं। पैसे के लिए राजनीति करते हैं। इसलिए इसमें से कई लोग कोई जेल में है। कोई बेल पर है। कोई सजायाफ्ता है। ये लोग भारत के भाग्य विधाता बनने के लिए घूम रहे हैं। इसलिए आज इंडी गठबंधन वाले दुष्प्रचार करते हैं। इस चुनाव में आप अपना वोट, परिवार का वोट, हित कुटुम्ब का भी वोट एनडीए प्रत्याशी को दें। दूसरों को भी एनडीए को वोट देने के लिए प्रेरित करें। आंधी हो या तूफान हो। चाहे कितना भी धूप क्यों ना हो लेकिन हम सब लोग लोकतंत्र के इस महापर्व में वोट देने से नहीं चुकें।झारखंड सरकार आदिवासी और दलित विरोधी : अमर बाउरी

नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि झारखंड सरकार आदिवासी और दलित विरोधी है। चाहे हेमंत सरकार हो या वर्तमान सरकार, दोनों के कार्यकाल में इन वर्गों के विकास के लिए कोई काम नहीं हुआ। उलटे उनपर अत्याचार बढ़ा है। आदिवासी और दलितों के विकास के लिए मोदी सरकार ने काफी काम किया है। आदिवासियों के विकास के बजट में काफी वृद्धि की है। भगवान बिरसा मुंडा को सम्मान देने का काम किया है। डॉ. भीमराव अंबेडकर को भी पूरा सम्मान मोदी सरकार के कार्यकाल में ही मिला। कांग्रेस ने उनकी उपेक्षा की।

पिछड़ों के आरक्षण में सेंधमारी करेगी इंडी गठबंधन : आदित्य साहू

राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू ने कहा कि पिछड़े वर्ग के हित के लिए मोदी सरकार आगे आई है। उनके हित के लिए काफी काम किया है। इंडी गठबंधन पिछड़े वर्ग को मिले आरक्षण की सुविधा पर भी डाका डालने का काम कर रही है। उसने साफ कर दिया है कि सत्ता में आने पर इस वर्ग के आरक्षण में कटौती करेगी और इसका लाभ मुसलमान को देगी।

हर पल जनता के लिए खड़ा रहूंगा : कालीचरण सिंह

प्रत्याशी कालीचरण सिंह ने कहा कि जनता के कारण मुझे टिकट मिला है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद वे हर समय हर पल जनता के लिए खड़ा रहेंगे। जनसभा को पांकी विधायक शशि भूषण मेहता ने भी संबोधित किया। इस मौके पर संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, डॉ प्रदीप वर्मा, सांसद सुनील कुमार सिंह, जिला प्रभारी विनय जयसवाल, जिला अध्यक्ष रामदेव भोक्ता सहित अन्य मौजूद थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version