Patna:- बिहार विधानसभा चुनाव के तहत कुम्हरार विधानसभा सीट से एनडीए प्रत्याशी संजय गुप्ता ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले पटना के कांग्रेस मैदान में एक भव्य जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में समर्थक और आम नागरिक उमड़े।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंच से संजय गुप्ता की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि “संजय गुप्ता एक कर्मठ, जमीनी और जनसेवी नेता हैं। कुम्हरार की जनता को उनके रूप में नया और सशक्त नेतृत्व मिलेगा।” मोहन यादव ने कहा कि संजय गुप्ता की जीत से बिहार में एनडीए सरकार को नई मजबूती मिलेगी।
नामांकन से पहले एक विशाल जुलूस भूतनाथ रोड से निकला, जो कुम्हरार क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होते हुए नामांकन स्थल और सभा स्थल तक पहुंचा। पूरे मार्ग में ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक नृत्य और समर्थकों के उत्साह से माहौल उत्सवमय बन गया।
सभा को संबोधित करते हुए संजय गुप्ता ने कहा, “यह सिर्फ मेरा नामांकन नहीं, बल्कि कुम्हरार की जनता की उम्मीदों का प्रतीक है। मैं इस क्षेत्र के विकास और हर नागरिक की भलाई के लिए पूरी निष्ठा से काम करूंगा।” उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है।
इस अवसर पर एनडीए के कई वरिष्ठ नेता, संगठन के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंच से सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि कुम्हरार की जनता इस बार विकास और स्थिरता के पक्ष में मतदान करेगी।
कुल मिलाकर, कुम्हरार में एनडीए की नामांकन रैली ने चुनावी माहौल को पूरी तरह गर्म कर दिया है।

