Nawada News: बिहार के नवादा जिले की एक विवाहिता की प्रेम संबंधों का अंत बेहद दर्दनाक साबित हुआ। पति का घर छोड़कर प्रेमी के साथ नई जिंदगी की तलाश में दमन गई महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। उसका शव ट्रॉली बैग में बंद मिलने से पूरे मामले ने सनसनी फैला दी है। पुलिस ने हत्या के मामले में महिला के प्रेमी को मुख्य आरोपी माना है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बुधवार को बताया कि मृतका की पहचान रोह थाना क्षेत्र के सिऊर गांव निवासी छोटी कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार छोटी कुमारी पहले से विवाहित थी। करीब दो वर्ष पहले गांव के ही रहने वाले ऋषभ कुमार के साथ उसका प्रेम संबंध हो गया था। इसके बाद उसने अपने पति का घर छोड़ दिया और ऋषभ के साथ चली गई। उस समय परिजनों ने रोह थाने में अपहरण और गुमशुदगी की प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी, लेकिन वह वापस घर नहीं लौटी।
परिजनों के अनुसार दोनों दमन में किराये के मकान में रह रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी विवाद के बाद ऋषभ कुमार ने छोटी कुमारी की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की नीयत से उसे ट्रॉली बैग में बंद कर दिया गया।
दमन पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध ट्रॉली बैग में महिला का शव पड़ा है। जांच के दौरान शव की पहचान छोटी कुमारी के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को हत्या में ऋषभ कुमार की संलिप्तता का संदेह है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
दमन पुलिस ने घटना की सूचना नवादा के रोह थाना को दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने गांव के चौकीदार के माध्यम से मृतका के परिजनों को इस घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य दमन के लिए रवाना हो गए, जहां शव की शिनाख्त, पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।
फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस प्रेम संबंध, आपसी विवाद और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दमन पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मामले ने नवादा जिले के साथ-साथ दमन में भी लोगों को झकझोर दिया है।


