नवादा। बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बिहार-झारखंड सीमा स्थित चितरकोली उत्पाद जांच चौकी पर गुरुवार को टीम ने शराब लदी एक स्कॉर्पियो जब्त की। वाहन से 744 बोतलों में कुल 169.8 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। हालांकि, कार्रवाई के दौरान चालक मौके से फरार हो गया। उत्पाद विभाग उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटा है।
जांच के दौरान भागने लगा चालक
उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्र के निर्देश पर उत्पाद निरीक्षक अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में त्योहारों को देखते हुए वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रही काले शीशे वाली तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (जेएच09एडब्ल्यू8562) को रोकने का इशारा किया गया।

बताया गया कि चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की। इसी दौरान ब्रेक लगाने पर स्कॉर्पियो उछलकर ट्रॉली और ड्रम से टकरा गई। सामने से बस आने के कारण चालक को वाहन सड़क किनारे रोकना पड़ा। इसके बाद वह मौके से भाग निकला।
744 बोतलों में मिली अंग्रेजी शराब
वाहन की तलाशी लेने पर उत्पाद विभाग की टीम को 744 बोतलें मिलीं। इनमें ओल्ड हैबिट व्हिस्की की 480 बोतलें और लंदन बेवरेज जॉर्ज की 264 बोतलें शामिल हैं। कुल बरामद शराब की मात्रा 169.8 लीटर बताई गई है।
उत्पाद विभाग ने स्कॉर्पियो और शराब को जब्त कर बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। कार्रवाई में उत्पाद विभाग के एसआई मो. साबिर, एसआई धर्मेंद्र कुमार और गृह रक्षक जवान शामिल थे।
नालंदा में शराब तस्करी के दौरान सिपाही की हत्या
इधर, नालंदा जिले में झारखंड से शराब की खेप लाने के दौरान तस्करों द्वारा उत्पाद विभाग के एक सिपाही की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना है। जानकारी के अनुसार, पटना से आई ईआईबी की विशेष टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर और स्थानीय टीम के साथ शराब तस्करों का पीछा शुरू किया था।
शराब से लदी पिकअप नवादा जिले के खराट मोड़ से आगे बढ़ी थी। टीम उसका पीछा करते हुए नालंदा पहुंची। पावापुरी-गिरियक क्षेत्र में हाईवे पर फ्लाईओवर के पास उत्पाद विभाग की टीम ने पिकअप को रोकने और घेरने की कोशिश की। इसी दौरान तस्करों के लिए रेकी कर रहे कथित लाइनर ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। गोली उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत कुमार को लगी। घटना में उनकी मौत होने की सूचना है। दोनों घटनाएं बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सामने आई हैं। नवादा में जब्त शराब के मामले में चालक की गिरफ्तारी और नालंदा में सिपाही की हत्या के मामले में छापेमारी चल रही है।


