नालंदा: बिहार के नालंदा जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। नगरनौसा थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में बुधवार दोपहर चार हथियारबंद बदमाश घुस आए और पिस्टल के बल पर संचालक को बंधक बनाकर नकदी और लैपटॉप लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, चंडी थाना क्षेत्र के पीनीपर गांव निवासी सीएसपी संचालक संदीप पटेल दोपहर करीब 12:30 बजे अपने केंद्र पर ग्राहकों के बैंकिंग कार्यों का संचालन कर रहे थे। इसी दौरान चेहरे पर गमछा और सिर पर टोपी बांधे चार युवक अचानक केंद्र के अंदर घुस गए। बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर संचालक को धमकाया और कुछ ही मिनटों में काउंटर पर रखे पांच हजार रुपये नकद तथा एक लैपटॉप लेकर फरार हो गए।
घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वारदात के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ सीएसपी केंद्र पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले केंद्र में करीब 1.39 लाख रुपये जमा किए जा चुके थे, जबकि 1.11 लाख रुपये की निकासी भी हो चुकी थी। इसके बावजूद बदमाशों के हाथ केवल काउंटर पर रखे पांच हजार रुपये और लैपटॉप ही लग सके। माना जा रहा है कि अपराधी जल्दबाजी में बड़ी रकम तक नहीं पहुंच पाए।
पूरी लूट की घटना सीएसपी में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में चारों बदमाशों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं, जिससे पुलिस को उनकी पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि इसी ग्राहक सेवा केंद्र को पहले भी अपराधियों ने निशाना बनाया था। सितंबर 2025 में यहां से करीब 2.60 लाख रुपये की लूट हुई थी। एक ही केंद्र पर दूसरी बार हुई वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्ती पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नगरनौसा थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है और जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।


