Nalanda News: पटना से गत 25 अगस्त को अगवा किए गए छात्र आदित्य सिंह (19) को नालंदा पुलिस ने सकुशल बरामद करते हुए तीन अपहरणकर्ता हथियार समेत गिरफ्तार कर लिए गए। अपहरणकर्ताओं ने छात्र को बंधक बनाकर 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जहां छात्र के परिजनों ने राहत की सांस ली, वहीं गिरफ्तार आरोपियों में दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गांव निवासी हिमांशु उर्फ गोपी सिंह, एकंगरसराय के कुंदन कुमार (21) और जहानाबाद जिले के सोनू कुमार (25) शामिल हैं। हिमांशु की आदित्य से जान-पहचान थी और उसे जानकारी थी कि आदित्य के पिता जमीन कारोबारी हैं। इसी लालच में अपहरण की साजिश रची गई थी।
जानकारी अनुसार गत 25 अगस्त को पटना में कोचिंग कर रहे धनबाद निवासी आदित्य सिंह (19) को दोस्ती के बहाने बुलाकर अगवा कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं ने बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र स्थित बड़ी पहाड़ी इलाके में किराए के मकान में बंधक बनाकर उसे पीटा और उसके पिता से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। मौके का फायदा उठाकर आदित्य ने अपने दोस्त को संदेश भेजा, जिसके बाद पुलिस को सूचना मिली।
सूचना मिलते ही लहेरी पुलिस सक्रिय हुई और तकनीकी व मानवीय खुफिया तंत्र की मदद से छात्र का लोकेशन ट्रेस किया गया। फिर पुलिस टीम ने बाजार समिति बड़ी पहाड़ी इलाके में छापेमारी की। करीब 4 बजे दिनेश प्रसाद के घर पर धावा बोला गया, जहां तीन अपराधी हथियार के बल पर छात्र को कैद किए हुए थे। पुलिस ने बिना देर किए तीनों को दबोच लिया और छात्र को सुरक्षित छुड़ा लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो पिस्टल, तीन मैगजीन, दस कारतूस, चार मोबाइल फोन, एक टैब और 45 हजार रुपये नकद बरामद किए। कार्रवाई में लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक, दारोगा सर्वेश कुमार और क्यूआरटी टीम शामिल रही।

