Nalanda News: जिले के हरनौत थाना क्षेत्र स्थित चेरन गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कथित अवैध संबंध का विरोध करने पर उसे जबरन जहर खिलाया गया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान चेरन गांव निवासी सोनेलाल कुमार की 19 वर्षीय पत्नी रिंकी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार गुरुवार की रात उन्हें सूचना मिली कि रिंकी ने जहर खा लिया है। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य उसके ससुराल पहुंचे। उस समय उसकी हालत गंभीर थी और सांसें चल रही थीं।
आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। बाद में पटना में इलाज के दौरान रिंकी की मौत हो गई।
मृतका के बहनोई ने आरोप लगाया कि रिंकी के पति का अपनी भाभी के साथ कथित अवैध संबंध था। रिंकी को जब इस संबंध की जानकारी मिली तो उसने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने साजिश रचकर उसे जबरन जहर खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही हरनौत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश Kumar वर्मा ने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल इस घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।


