Tuesday, 21 May 2024 || 02:01

Nalanda:  पर्यटन विभाग के सौजन्य से जिला प्रशासन नालंदा द्वारा राजगीर महोत्सव का आयोजन 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक स्टेट गेस्ट हाउस मैदान में किया जा रहा है। महोत्सव पर 7 दिवसीय ग्रामश्री मेला का आयोजन भी किया जायेगा। इस अवसर पर महिला महोत्सव, व्यंजन मेला, पुस्तक मेला, विभिन्न खेल प्रतियोगिता, दंगल प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, विभिन्न विभागों के स्टॉल, विभागीय प्रदर्शनी आदि का आयोजन किया जायेगा।

मुख्य समारोह की व्यवस्था पर्यटन विभाग, बिहार द्वारा की जा रही है। अन्य व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है।महोत्सव के आयोजन को लेकर की जा रही तैयारियों का जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने आज मंगलवार को स्टेट गेस्ट हाउस मैदान में तैयारियों का निरीक्षण किया। मुख्य समारोह स्थल पर मंच एवं हैंगर का निर्माण कार्य लगभग अंतिम चरण में है। यहाँ निर्धारित योजना के अनुरूप सिटिंग प्लान की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।

ग्रामश्री मेला, पुस्तक मेला, व्यंजन मेला एवं अन्य विभागीय स्टॉल के टेंट का निर्माण कार्य को भी तेजी से पूरा करने का निदेश दिया गया।व्यंजन मेला में 40 स्टॉल लगाया जा रहा है। पुस्तक मेला में स्टॉल लगाने हेतु लगभग 30 वेंडर ने सहमति दी है।महिला महोत्सव एवं स्थानीय कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन 1 एवं 2 दिसंबर को मेला सर्कस मैदान में किया जायेगा। महिला महोत्सव का आयोजन पूर्वाह्न 11 बजे से 2 बजे की अवधि में किया जायेगा। इसमें गोली-चम्मच दौड़, म्यूजिकल चेयर,पेंटिंग, रंगोली,मेंहदी आदि प्रतियोगिता का अयोजन किया जायेगा।स्थानीय होटलों एवं निजी भवनों के लिये अलग-अलग वर्ग समूह में साज सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। प्रत्येक वार्ड से सुसज्जित किये गए दो निजी भवनों को चिन्हित कर वार्ड पार्षद जानकारी देंगे।

मूल्यांकन समिति द्वारा इन भवनों का अवलोकन कर विजेताओं का निर्धारण किया जायेगा।इस अवसर पर बनाये जा रहे तोरण द्वारों का नामकरण राजगीर के इतिहास से जुड़े विभिन्न महापुरुषों/स्थलों एवं राजगीर के विभिन्न पुराने नामों के आधार पर किया जा रहा है।निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्त्ता, अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजगीर सहित अन्य समितियों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं स्थानीय पदाधिकारी मौजूद थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version