Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में आपसी विवाद के दौरान एक युवक की हत्या के बाद रविवार सुबह जमकर हंगामा हुआ। करजा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर खाजे गांव निवासी नवनीत कुमार की मौत से आक्रोशित लोगों ने परतापुर गांव में कथित आरोपियों के घरों को निशाना बनाया। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक घरों में आग लगाए जाने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।
मेला घूमने के दौरान हुआ था विवाद
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, नवनीत कुमार शनिवार देर रात अपने दोस्तों के साथ मेला घूमने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर नवनीत के साथ मारपीट की गई और उसे चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
आक्रोशित भीड़ ने घरों में लगाई आग
नवनीत का शव गांव पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में लोग परतापुर गांव पहुंचे। इसके बाद कथित आरोपियों के घरों में आग लगा दी गई। आधा दर्जन से अधिक घरों को निशाना बनाए जाने की सूचना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने हवाई फायरिंग होने का भी दावा किया है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
दमकल और पुलिस टीम ने संभाला मोर्चा
आगजनी की सूचना मिलते ही सरैया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अभिजीत कौर, दमकल की टीम और आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
गांव में कैंप कर रही पुलिस
मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि हत्या के मामले में पुलिस तेजी से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस गांव में कैंप कर रही है और स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।
हत्या के बाद हुई आगजनी से इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच और स्थिति को सामान्य करने में जुटी है।


