Muzaffarpur News: जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी शिक्षक पर शादी के करीब 28 साल बाद कथित रूप से दूसरी शादी करने और इसका विरोध करने पर पहली पत्नी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसका पैर टूट गया। इसके बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। मामले में महिला ने पुलिस से शिकायत कर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
घटना मुसहरी थाना क्षेत्र के बड़ी कोठिया गांव की बताई जा रही है। पीड़िता सुमन ने पुलिस को दिए आवेदन में अपने पति बैद्यनाथ कुमार यादव और ससुराल के अन्य सदस्यों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी 7 मई 1998 को बैद्यनाथ कुमार यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति और ससुराल वालों की ओर से कथित रूप से कीमती वाहन और अन्य सामान की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। सामाजिक प्रतिष्ठा और परिवार बचाने की उम्मीद में वह लंबे समय तक कथित उत्पीड़न सहती रही।
सुमन का आरोप है कि इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि उसके पति ने कथित रूप से दूसरी महिला से गुप्त रूप से शादी कर ली है। पीड़िता के मुताबिक, दूसरी शादी से उसके पति की एक बेटी भी है। जब उसने पति से इस संबंध में सवाल किया तो वह कथित रूप से भड़क गया।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद पति ने लाठी-डंडे और लात-घूंसों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। मारपीट में उसका पैर टूट गया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
सुमन ने आरोप लगाया कि घर से निकाले जाने के बाद उसके सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े और अन्य सामान ससुराल में ही रह गए हैं। साथ ही पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर केस वापस लेने के लिए कथित रूप से धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। महिला थाना प्रभारी के अनुसार, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और दूसरी शादी से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


