Palamu News:– जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के दलपतपुर गांव में सोमवार को एक महिला की नृशंस हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ससुराल में महिला के सिर पर कुदाल और बटखारे से वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका का शव खून से लथपथ हालत में कमरे से बरामद किया गया है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं।
मृत महिला की पहचान दलपतपुर गांव निवासी राजकेश्वर यादव की पत्नी बेबी देवी (38) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पिपरा थाना प्रभारी विमल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया।
परिजनों के अनुसार बेबी देवी राजकेश्वर यादव की दूसरी पत्नी थी। पहली पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी थी। वर्ष 2012 में दूसरी शादी हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। मृतका के भाई अजय यादव ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करते थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बेबी देवी की बच्चेदानी निकलवा दी गई थी और उसका कोई संतान नहीं था।
ग्रामीणों ने बताया कि रविवार देर शाम बेबी देवी की हत्या कर दी गई और ससुराल पक्ष के लोग बाहर से घर का दरवाजा बंद कर फरार हो गए। बाद में घटना की जानकारी ग्रामीणों ने मायके पक्ष को दी। सूचना मिलने पर बिहार के औरंगाबाद जिले के कर्मा गांव से मृतका के भाई, चाचा सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
थाना प्रभारी विमल कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतका के भाई ने पति राजकेश्वर यादव, सौतेला बेटा पिंटू यादव, उसकी पत्नी रिंकी देवी, पंकज यादव, भसुर कामेश्वर यादव और उसकी पत्नी झिनिया देवी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

