Friday, 17 May 2024 || 07:10

Mumbai: अपनी जादुई आवाज से फैंस का दिल जीतने वाले गजल गायक पंकज उधास का निधन हो गया है। वे 72 साल के थे। यह जानकारी उनके बेटी ने दी है। उन्होंने मुंबई के ब्रीचकैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली। पंकज उधास के निधन से संगीत जगत में शोक छा गया है। मशहूर गजल गायक पंकज उधास  पिछले कई वर्षो से कैंसर से पीड़ित थे।

फिल्म नाम में ‘चिठ्ठी आई है…’गाना से पंकज उदास चर्चा में आए थे। ”चांदी जैसा रंग हो तेरा सोने जैसा बाल..” गजल गाने वाले पंकज उधास की आवाज हमेशा के लिए शांत हो गई है। पंकज की बेटी नायब उधास ने अपनी एक पोस्ट में लिखा कि हमें आपको यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि पद्मश्री पंकज उधास का निधन हो गया है। पिछले दस दिन से उनका इलाज चल रहा था। पंकज उधास का अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा।

पंकज उधास ने छह साल की उम्र में संगीत की दुनिया में अपना करियर शुरू किया था। गायन का संस्कार उन्हें अपने घर से ही मिला था। उन्होंने संगीत की दुनिया में कदम रखा और यहीं के होकर रह गये। पंकज उधास के निधन के बाद गायक शंकर महादेवन और अन्य मशहूर हस्तियों ने भी दुख व्यक्त किया है।

उधास के निधन पर प्रधानमंत्री ने बोले- ‘उनकी गजलें सीधे आत्मा से बात करती थीं’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मशहूर गजल गायक पंकज उधास के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उनकी गजलें सीधे आत्मा से बात करती थीं। प्रधानमंत्री ने एक्स हैंडल पर अपने शोक संवेदना में लिखा है “ हम पंकज उधास के निधन पर शोक व्यक्त करते हैं, जिनकी गायकी कई तरह की भावनाओं को व्यक्त करती थी और जिनकी ग़ज़लें सीधे आत्मा से बात करती थीं। वह भारतीय संगीत के एक प्रकाश स्तंभ थे, जिनकी धुनें पीढ़ियों से चली आ रही थीं। मुझे पिछले कुछ वर्षों में उनके साथ हुई अपनी विभिन्न बातचीतें याद हैं।”

प्रधानमंत्री ने एक्स हैंडल पर पंकज उधास के साथ अपनी मुलाकात की तीन तस्वीरें भी साझा की है। प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, “उनके जाने से संगीत जगत में एक खालीपन आ गया है जिसे कभी नहीं भरा जा सकेगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं।”

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version