Latehar News:- जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के हेबना गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय मासूम की जान चली गई। बच्चा घर से आंगनबाड़ी केंद्र जा रहा था, लेकिन रास्ते में बारिश से भरे डोभा नुमा गड्ढे में गिर गया और उसकी डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अंकित कुमार (4 वर्ष) के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार, बच्चा सुबह घर से निकला था लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने जब उसकी खोजबीन शुरू की, तो उसके चप्पल डोभा के किनारे तैरते मिले। शक होने पर लोगों ने डोभा की तलाशी ली, जहां अंकित का शव पानी में तैरता हुआ मिला।
परिजन तुरंत बच्चे को लेकर बालूमाथ अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिससे कई जगहों पर पानी भर गया है। जिस डोभा में बच्चा गिरा, वह भी बारिश के कारण पूरी तरह से पानी से भरा था, जिससे वह दिखाई नहीं दे रहा था।
इस घटना को लेकर बालूमाथ अंचलाधिकारी विजय कुमार ने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता दी जाएगी। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

