Motihari News: भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ मोतिहारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हरैया और सुगौली थाना पुलिस ने एसएसबी के सहयोग से अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा और हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। पुलिस ने कुल 7 आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो बोलेरो और एक स्कॉर्पियो को जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, भारत-नेपाल सीमा स्थित मैत्री पुल पर रविवार को हरैया थाना पुलिस और एसएसबी की 47वीं बटालियन ने संयुक्त रूप से वाहन जांच अभियान चलाया। पुलिस को सूचना मिली थी कि नेपाल में आई बाढ़ की आपदा के कारण सुरक्षा एजेंसियों की व्यस्तता का फायदा उठाकर गांजे की बड़ी खेप भारत लाई जा सकती है। सूचना के आधार पर मैत्री पुल पर सघन जांच शुरू की गई।
इसी दौरान नेपाल के वीरगंज की ओर से आ रही दो संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान दोनों वाहनों की छत में बनाए गए गुप्त तहखानों का पता चला। तहखाने खोलने पर सुरक्षाकर्मी भी हैरान रह गए। दोनों वाहनों से कुल 190.645 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, पहली बोलेरो से 98.845 किलोग्राम और दूसरी बोलेरो से 91.800 किलोग्राम गांजा मिला। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब चार करोड़ रुपये आंकी जा रही है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित नेपाल के परसा और बारा जिले के रहने वाले हैं।
स्कॉर्पियो से 300 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद
इधर, दूसरी कार्रवाई में एसटीएफ के नारकोटिक्स सेल से मिली सूचना के आधार पर सुगौली थाना पुलिस ने रक्सौल-छपवा मुख्य मार्ग पर एक स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली। वाहन से 300 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद होने का दावा किया गया है। पुलिस ने स्कॉर्पियो सवार चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
सदर डीएसपी के अनुसार, एसटीएफ के नारकोटिक्स सेल से सरकारी मोबाइल पर सूचना मिली थी कि चार लोग स्कॉर्पियो से मादक पदार्थ की खेप लेकर बेतिया से निकले हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन को पकड़ा।
पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थों की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।


