Jamshedpur News:- झारखंड में लगातार हो रही बारिश कहर बनती जा रही है। शनिवार तड़के पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हेसडा पंचायत के मुकन्दासाईं गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। यहां एक कच्चे मकान की मिट्टी की दीवार अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में आकर घर में सो रही पांच वर्षीय बच्ची बिमला सरदार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बच्ची की मां गंभीर रूप से घायल हो गईं जिन्हें ग्रामीणों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सरदार परिवार का मकान पूरी तरह मिट्टी का बना था और पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश की वजह से दीवार काफी कमजोर हो चुकी थी। हादसे के वक्त बच्ची के पिता घर पर नहीं थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पोटका प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अरुण मुंडा और कोवाली थाना प्रभारी धनंजय पासवान मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बीडीओ ने आश्वस्त किया है कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से मुआवजा प्रदान किया जाएगा और हरसंभव सहायता दी जाएगी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और लोगों में गहरी संवेदना देखी जा रही है।

