Jamshedpur News :- झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही बारिश ने एक और परिवार पर कहर ढा दिया। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के निर्मल नगर स्थित हुयूम पाइप निर्माण नगर में शनिवार सुबह एक कच्चा मकान ढह गया, जिससे एक बुजुर्ग महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, हादसे के समय 82 वर्षीय रेणुका दास अपने दो बेटों विनोद दास (47) और पविर दास (40) के साथ घर के अंदर सो रही थीं। तभी अचानक छप्पर और दीवारें गिर पड़ीं और तीनों मलबे में दब गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला।
हादसे में रेणुका दास का हाथ और पैर टूट गया है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। तीनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से टेंपो के जरिये एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज चल रहा है।
घायलों के चचेरे भाई उज्जवल दास ने बताया कि रेणुका दास के पति का निधन हो चुका है और दोनों बेटे मजदूरी करके गुजारा करते हैं। यह परिवार पिछले कई वर्षों से मिट्टी और खपड़ैल के पुराने जर्जर मकान में रहने को मजबूर है।
उन्होंने बताया कि रेणुका दास को अभी तक वृद्धा पेंशन की सुविधा नहीं मिल पाई है। लगातार बारिश की वजह से मकान की दीवारें कमजोर हो चुकी थीं और लकड़ी व बांस की छत सड़ चुकी थी, जिससे शनिवार सुबह पूरा मकान भरभराकर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से परिवार के पुनर्वास और आर्थिक सहायता की मांग की है।

