Khagaria News:- बिहार के खगड़िया जिले में निगरानी विभाग की टीम ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर थाना की महिला एसआई सीमा कुमारी और चौकीदार वीरू पासवान को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार, मानसी प्रखंड के राजजान गांव निवासी अनिल कुमार शाह की पत्नी ममता देवी ने यूनियन बैंक से लोन से जुड़ी समस्या को लेकर नगर थाना में मामला दर्ज करवाया था। इस केस की जांच कर रही एसआई सीमा कुमारी ने अनुसंधान और चार्जशीट के नाम पर ₹20,000 की घूस की मांग की। इस मामले में थाना के चौकीदार वीरू पासवान की भी संलिप्तता पाई गई।
जब ममता देवी से रिश्वत की मांग की गई, तो उन्होंने यह बात अपने पति को बताई। अनिल शाह ने तुरंत निगरानी विभाग को शिकायत दर्ज कराई। मामले की सत्यता की जांच के बाद निगरानी टीम ने योजना बनाई और जाल बिछाकर दोनों पुलिसकर्मियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी विभाग के डीएसपी अरुणोदय पांडे ने पुष्टि करते हुए बताया, “शिकायत के अनुसार पहले ₹10,000 की मांग की गई थी, लेकिन जांच में यह रकम ₹20,000 पाई गई। हमने दोनों आरोपियों को पकड़ा है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।”
इस गिरफ्तारी के बाद जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। लोग अब निगरानी विभाग की सक्रियता की सराहना कर रहे हैं, वहीं आम जनता को न्याय मिलने की उम्मीद भी बढ़ी है।


