दुमका।
पुलिस ने दस दिनों से लापता छात्रा सोनी कुमारी की लाश सोमवार को पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास जंगल से बरामद करते हुए मामले का खुलासा किया है। इस मामले में सोनी की सहेली और उसके ब्वॉयफ्रेंड को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार सोनी कुमारी की अपनी सहेली से ब्वॉयफ्रेंड को लेकर झगड़ा हुआ था। दोनों एक ही लड़के से प्यार करती थी। इस पर साजिश रचते हुए सहेली ने ब्वॉयफ्रेंड के साथ पहले 9 जुलाई को सोनी का अपहरण किया। फिर सोनी की हत्या कर उसकी लाश को जंगल के पास जमीन में दफना दिया। हत्या के आरोपियों में सहेली का वह ब्वॉयफ्रेंड भी शामिल है,जिसे सोनी भी पसंद करती थी।
मालूम हो कि सोनी के पिता सुभाष चंद्र कापरी ने अपहरण की घटना के दिन ही टाउन थाना में बेटी के गायब होने का मामला दर्ज कराया था। उसने सोनी की सहेली पर मामला दर्ज करते हुए कहा था कि पुत्री की सहेली ने ही किसी बाइक सवार को बुलाकर उसका अपहरण कर लिया है। इस पर पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्त में लिया और उसके निशानदेही पर लाश बरामद की।
