Nawada news:- बिहार के नवादा जिले के पकरीबरावां प्रखंड अंतर्गत गंगटी गांव में एक खेत की जुताई के दौरान भव्य शिवलिंग प्रकट होने का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में आस्था और कौतूहल की लहर दौड़ा दी है।
अनुसार, धान की रोपाई से पहले खेत की जुताई का कार्य चल रहा था। तभी ट्रैक्टर एक विशेष स्थान पर पहुंचते ही बार-बार अचानक बंद हो जा रहा था। यह देखकर ड्राइवर को संदेह हुआ। उसने उस जगह खुदाई शुरू की और जैसे-जैसे मिट्टी हटाई गई, वहां एक भव्य शिवलिंग प्रकट हुआ, जिसे देख खेत में काम कर रहे लोग हैरान रह गए।
शिवलिंग निकलने की खबर हवा की तरह पूरे इलाके में फैल गई। देखते ही देखते हजारों की संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु वहां पहुंच गए। लोगों ने इसे श्रावण मास में भगवान शिव की कृपा और चमत्कार मानते हुए पूजा-अर्चना शुरू कर दी। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग शिवलिंग के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि जिस जमीन से यह शिवलिंग निकला है, वह मस्जिद के नाम से दर्ज बताई जा रही है। ऐसे में मामला संवेदनशील भी हो सकता था, लेकिन वर्तमान में वहां पूरी तरह शांति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि श्रावण के पवित्र महीने में शिवलिंग का प्रकट होना कोई साधारण बात नहीं है, यह भोलेनाथ का चमत्कार है। लोग दिनभर भजन-कीर्तन कर पूजा में लगे हैं और इलाके में मेले जैसा दृश्य बना हुआ है।
प्रशासन की ओर से अब तक कोई औपचारिक बयान नहीं आया है, लेकिन खबर फैलते ही पुलिस-प्रशासन ने स्थल पर नजर बनाए रखी है ताकि किसी तरह की अफवाह या असमंजस की स्थिति न बने।

