Ranchi News:- झारखंड में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में सोमवार से झमाझम बरसात हो रही है। बारिश की बूंदों ने किसानों के चेहरे खिला दिए हैं, क्योंकि लंबे इंतजार के बाद खेतों में हरियाली लौटने की उम्मीद जगी है। वहीं, लगातार हो रही बारिश से आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश जारी है। इस बारिश ने जहां तापमान में गिरावट ला दी है, वहीं लोगों को दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राज्यभर में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने 21 अगस्त तक के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक देवघर, दुमका, गिरिडीह, साहेबगंज, पाकुड़, जामताड़ा और गोड्डा सहित उत्तर-पूर्वी एवं मध्यवर्ती जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने का भी पूर्वानुमान जताया गया है।
सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में 33 डिग्री, डालटेनगंज में 34 डिग्री, बोकारो में 35.2 डिग्री और धनबाद में 33.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश के चलते तापमान में गिरावट ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी है।
बारिश से खेतों में पानी भरने लगा है और धान की रोपनी में तेजी आने की उम्मीद है। किसान मानते हैं कि यह बारिश फसल के लिए जीवनदायिनी साबित होगी। दूसरी ओर, कई इलाकों में जलजमाव और यातायात की दिक्कतें भी देखने को मिली हैं।

