Palamu News: मेदिनीनगर के सदर थाना क्षेत्र के जोड़ के पास नेशनल हाईवे-39 पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सीएनजी सिलेंडरों से लदे एक ट्रक से गैस का रिसाव शुरू हो गया। ट्रक में कुल 60 सीएनजी सिलेंडर लदे थे। पाइप फटने के कारण पांच सिलेंडरों से गैस लीक होने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाई और ट्रक को मुख्य सड़क से हटाकर जंगल-झाड़ियों की ओर ले गया। इससे हाईवे पर संभावित बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक चतरा के हरहर से 60 सीएनजी सिलेंडर लेकर पलामू के पड़वा थाना क्षेत्र के लोहड़ा गया था। वहां से वापस लौटने के दौरान जोड़ के समीप नेशनल हाईवे-39 पर ट्रक में रखे सीएनजी सिलेंडरों से गैस का रिसाव शुरू हो गया। चालक ने बिना देर किए इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी और ट्रक को हाईवे से दूर सुरक्षित स्थान की ओर मोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस टीम और जोड़ पिकेट के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। गैस रिसाव को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात को वन-वे कर दिया। वाहनों को नियंत्रित तरीके से आगे बढ़ाया गया, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो। इसके साथ ही दमकल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
बताया गया कि ट्रक में करीब 650 किलोग्राम सीएनजी लोड थी। रिसाव के दौरान 60 में से पांच सिलेंडरों से गैस निकलने लगी। गैस हवा में फैलने के कारण आसपास के वातावरण में इसका असर महसूस किया गया। कुछ लोगों को सांस लेने में परेशानी होने की भी जानकारी सामने आई। करीब एक घंटे तक इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित कंपनी से तकनीकी जानकारी ली गई। इसके बाद विशेषज्ञों की मदद से वाल्व को बंद किया गया और गैस रिसाव पर काबू पाया गया। रिसाव बंद होने के बाद स्थिति सामान्य हुई।
सदर थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और गैस का रिसाव बंद कर दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय तक हाईवे पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखा गया।
चालक की तत्परता और पुलिस-प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना के बाद हाईवे से गुजरने वाले लोगों में भी काफी देर तक भय और चिंता का माहौल बना रहा।


