Dhanbad News:- धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत विकास नगर में सोमवार देर रात एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
मृतकों की पहचान 22 वर्षीय प्रशांत कुमार उर्फ गोलू और उनकी 70 वर्षीय नानी चिंतामणी देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि प्रशांत कुमार करीब 15 दिन पहले ही पटना से अपनी नानी के घर आया था। घटना के वक्त घर में कुल 15 लोग मौजूद थे। ग्राउंड फ्लोर पर आठ, पहले तल्ले पर तीन और दूसरे तल्ले पर चार लोग सो रहे थे।
जानकारी के अनुसार आग ग्राउंड फ्लोर पर लगी, जिससे पूरे घर में तेजी से धुआं भर गया। देर रात सभी लोग गहरी नींद में थे, तभी अचानक आग लगने से चीख-पुकार मच गई। पहले और दूसरे तल्ले पर मौजूद लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन नीचे सो रहे लोगों को भारी धुएं के कारण बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई।
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने और फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की, लेकिन मुख्य गेट पर ताला लगे होने के कारण बचाव कार्य में बाधा आई। काफी मशक्कत के बाद कुछ लोगों को बाहर निकाला गया और तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संकरी गली होने के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई हुई। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। अग्निशमन विभाग के प्रभारी दीपक उरांव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आशंका है कि कमरे में चल रहे रूम हीटर से आग लगी।
इस हादसे में प्रशांत कुमार और उनकी नानी चिंतामणी देवी गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

