Jamshedpur News:- टाटानगर स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। बिलासपुर रेल मंडल में प्री नॉन-इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्यों के कारण, 30 अगस्त से 3 सितंबर 2025 के बीच टाटानगर से चलने और वहां आने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को रद्द किया गया है। रेलवे प्रशासन ने बताया कि यह कार्य रेलवे ट्रैफिक प्रणाली को और अधिक आधुनिक तथा सुरक्षित बनाने की दिशा में किया जा रहा है। हालांकि इससे यात्रियों को अस्थायी रूप से परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 18113 (टाटानगर-बिलासपुर) को 30 अगस्त से 2 सितंबर तक रद्द किया गया है। वहीं ट्रेन संख्या 18114 (बिलासपुर-टाटानगर) 31 अगस्त से 3 सितंबर तक बंद रहेगी।
इसी तरह 18109 (टाटानगर-इतवारी) और 18110 (इतवारी-टाटानगर) दोनों ट्रेनें 3 सितंबर को रद्द रहेंगी।
इनके अतिरिक्त कई लंबी दूरी की ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं। इसमें शालीमार-पुणे, पुणे-शालीमार, हटिया-पुणे, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-कामाख्या, मालदा टाउन-सूरत, हावड़ा-सीएसएमटी, पोरबंदर-शालीमार, वास्को डी गामा-जसीडीह, बिलासपुर-पटना, और शालीमार-एलटीटी जैसी ट्रेनें शामिल हैं।
रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी यात्रा से पहले संबंधित तारीखों में ट्रेनों की स्थिति की जांच करें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।

