Sahibganj News:- झारखंड के साहिबगंज जिले में शुक्रवार सुबह एक हृदय विदारक नाव हादसा हुआ जिसमें कई लोग गंगा नदी में बह गए। अब तक एक व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि तीन लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। दो घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
यह हादसा रिवर थाना क्षेत्र के महाराजपुर घाट पर उस समय हुआ जब लगभग 31 लोग एक जनरेटर युक्त नाव पर सवार होकर राजमहल प्रखंड के विभिन्न गांवों—शीलू टोला, बंसी टोला, फागु टोला, पेका टोला और बलुआ टोला—की ओर जा रहे थे। नाव सुबह 6 से 6:30 बजे के बीच घाट से रवाना हुई थी। लेकिन लगभग 10 मिनट बाद ही तेज गंगा की धार में नाव असंतुलित होकर पलट गई।
घटना के दौरान सामने से आ रही एक दूसरी नाव की मदद से कई लोगों को बचा लिया गया, लेकिन छह लोग नदी में डूब गए। स्थानीय लोगों और अधिकारियों की तत्परता से तीन को सुरक्षित निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। उनमें से एक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
राजमहल प्रखंड के अंचलाधिकारी, रीवर थाना प्रभारी लव कुमार, और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल तीन लापता लोगों की तलाश गंगा नदी में जारी है।
मृतक के भाई राजो मुरमू ने बताया कि वे सभी लोगरांगा थाना क्षेत्र के मुकुब झूमर गांव से थे और सुबह चूहा पकड़ने के लिए घाट की ओर निकले थे। नाव अपनी मंजिल तक पहुंचती, इससे पहले ही यह हादसा हो गया।

