Pakur News:- पाकुड़ पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 12 चोरी की बाइक बरामद की हैं। इस सिलसिले में तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी बाइक का सत्यापन कर लिया गया है और जल्द ही उन्हें असली मालिकों को सौंपा जाएगा। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान रमजान अंसारी उर्फ ओखनु, अब्दुल सुभान अंसारी उर्फ मोटरू और लतीफ अंसारी के रूप में की गई है। रमजान अंसारी पर पाकुड़ के अलावा महेशपुर और पश्चिम बंगाल के शमशेरगंज थाना में चोरी और अवैध कारोबार से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं। लतीफ अंसारी पर भी पाकुड़ थाना क्षेत्र में गंभीर आरोपों के तहत प्राथमिकी दर्ज है।
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान दल (SIT) ने 7 नवंबर 2025 को अन्नपूर्णा कॉलोनी से चोरी हुई होंडा साइन (JH 04T-6515) की जांच के आधार पर पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया।
मोबाइल लोकेशन, गुप्त सूचना और तकनीकी इनपुट की मदद से छापेमारी की गई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 12 बाइक बरामद कीं। इनमें—
• हीरो स्प्लेंडर प्लस
• हीरो सुपर स्प्लेंडर
• होंडा शाइन
• हीरो ग्लैमर
• बजाज पल्सर
—जैसे कई मॉडल शामिल हैं।
कई मोटरसाइकिल बिना नंबर प्लेट के भी मिलीं, जिससे संकेत मिलता है कि चोरी के बाद इनकी पहचान छिपाने की कोशिश की गई थी।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह गैंग लंबे समय से पाकुड़ एवं आसपास के इलाकों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। इस गिरफ्तारी से जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगा है।
पाकुड़ नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार, अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी मदन शर्मा, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विनय कुमार सहित अभिषेक कुमार, बलवंत दुबे, जेना बालमुचु, शाहिद, सोनालाल पहाड़िया, अवधेश कुमार, संतोष मरांडी एवं सशस्त्र पुलिस बल की टीम शामिल रही।
एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि इस कार्रवाई से अपराधियों के हौसले पस्त होंगे और पुलिस आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रखेगी।

