Hazaribag News:- पेलावल थाना क्षेत्र के अंसार नगर में बुधवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत छापेमारी की। सुबह अहले सुबह करीब चार गाड़ियों में पहुंची 6 सदस्यीय NIA टीम के साथ CRPF के जवान भी मौजूद रहे। टीम घर के अंदर महत्वपूर्ण दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और संभावित साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 2023 में पुणे से गिरफ्तार किए गए शाहनवाज से जुड़े मामले में की जा रही है। शाहनवाज को आतंकी संगठन का सक्रिय सदस्य होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और जांच के दौरान उसके नेटवर्क में हजारीबाग लिंक सामने आया था। इसी आधार पर NIA ने अंसार नगर स्थित एक घर को रडार पर लिया।
अंसार नगर में छापेमारी सुबह से ही जारी है और अब तक करीब 8 घंटे बीत चुके हैं। इलाके में भारी सुरक्षा व्यवस्था तैनात कर दी गई है। स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद है, ताकि किसी प्रकार की भीड़ या व्यवधान उत्पन्न न हो। एजेंसी के अधिकारी घर में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रहे हैं और डिजिटल डिवाइसों की जांच की जा रही है।
NIA ने अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह कार्रवाई शाहनवाज के संपर्क में रहने वाले संभावित सहयोगियों का पता लगाने और आतंकी नेटवर्क के विस्तार को रोकने के लिए की जा रही है।
अचानक हुई इस कार्रवाई से स्थानीय लोग हैरान हैं और पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है। जांच पूरी होने के बाद एजेंसी की ओर से विवरण साझा किए जाने की संभावना है।

