East Champaran:-बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। लखौरा थाना क्षेत्र के सिकरहना नदी में नाव पलटने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है। नाव पर कुल 14 लोग सवार थे, जो नदी पार कर पशुओं के लिए चारा लेकर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा और नदी की तेज धारा के कारण नाव अचानक असंतुलित हो गई और कुछ ही क्षणों में पलट गई। नाव पलटते ही नदी में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, ग्यारह लोगों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, लेकिन तीन लोग डूब गए। इनमें से एक की मौत इलाज के दौरान, जबकि दूसरे का शव रविवार सुबह बरामद किया गया।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, नाव पर सवार लोगों में राजू सहनी, सत्य नारायण सहनी, बिस्को सहनी, राधेश्याम सहनी, विजय सहनी, जंगली सहनी, दिलीप सहनी, कैलाश सहनी, गोपाल प्रसाद, शिवपूजन सहनी, तूफानी सहनी, मुकेश सहनी, बाबूलाल सहनी और गोबरी सहनी शामिल थे।
इस हादसे में कैलाश सहनी की मौत इलाज के दौरान हो गई, जबकि बाबूलाल सहनी का शव रविवार को बरामद किया गया। तीसरे व्यक्ति मुकेश सहनी की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की टीम लगातार तलाशी अभियान चला रही है।
हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ नदी किनारे उमड़ पड़ी। लोगों ने खुद भी नाव लेकर बचाव कार्य में हिस्सा लिया। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
लखौरा थाना प्रभारी ने बताया कि “नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे और नदी में पानी का बहाव तेज था। इसी कारण हादसा हुआ। एक लापता व्यक्ति की तलाश जारी है।”।
ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन नाव संचालन पर सख्ती बरते और स्थानीय स्तर पर वैकल्पिक पुल या पक्की नाव की व्यवस्था करे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

