Saraikela News: जिले में मंगलवार की देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां कांड्रा थाना क्षेत्र के पदमपुर गांव स्थित एक कुएं से 30 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान चांडिल के रुचाप गांव की रहने वाली रूपा देवी के रूप में की गई है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि रूपा देवी पिछले चार वर्षों से रोशन कुमार सिन्हा नामक युवक के साथ लिव-इन रिश्ते में रह रही थीं। दोनों हाल ही में पदमपुर गांव आए थे और बबलू बास्के के एक मकान में किराए पर रह रहे थे। बताया गया कि घटना वाली रात रोशन अपनी ड्यूटी पर चले गए थे, जिसके बाद सुबह ग्रामीणों ने कुएं में तैरता हुआ शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही झामुमो नेता कृष्णा बास्के भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि रूपा देवी शांत स्वभाव की महिला थीं और किसी से उनका विवाद नहीं होता था। हालांकि ग्रामीणों का अनुमान है कि महिला ने कुएं में छलांग लगाई होगी, लेकिन वास्तविक कारण का पता अभी तक नहीं चल पाया है।
कांड्रा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि यह जांच का विषय है कि यह मामला आत्महत्या है या किसी अन्य कारण से हुई संदिग्ध मौत। पुलिस रूपा के लिव-इन पार्टनर रोशन कुमार से भी पूछताछ कर रही है, साथ ही उनके बीच रिश्तों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

