East Champaran:– बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए उन लोगों पर कार्रवाई शुरू कर दी है जिन्होंने अब तक अपने लाइसेंसी हथियार जमा नहीं किए हैं। जिले में 94 प्रतिशत हथियार जमा करा दिए गए हैं, जबकि 55 लोगों ने अभी तक अपने आर्म्स जमा नहीं किए हैं।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि जिन लोगों ने आर्म्स जमा नहीं किए हैं, उनके लाइसेंस निलंबित करने और हथियार जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। थानाध्यक्षों की रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने डीएम को इन लाइसेंसों को निलंबित करने की अनुशंसा भेजी है।
निलंबन की कार्रवाई जिन क्षेत्रों में हुई है, उनमें नगर थाना क्षेत्र के 26, छतौनी के 10, हरसिद्धि के 4, सुगौली के 4, ढाका के 3, मलाही के 2, मधुबन, गढ़हिया, पकड़ीदयाल, पचपकड़ी, बिजधरी एवं तुरकौलिया से एक-एक लाइसेंस शामिल हैं।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के समय शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। जिन्होंने अब तक हथियार जमा नहीं किए हैं, उनके खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

