Chandigarh News :– पंजाब में आई भीषण बाढ़ के हालात का जायजा लेने के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सोमवार को राज्य पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रभावित गांवों का दौरा किया और किसानों व बाढ़ पीड़ितों से सीधे बातचीत की। राहुल गांधी सुबह अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वह घोनेवाल गांव रवाना हुए। यहां उन्होंने बाढ़ से डूबे खेतों और टूटे मकानों को देखा। इस मौके पर उन्होंने गुरुद्वारा बीड़ बाबा बुड्ढा साहिब में माथा भी टेका और स्थानीय लोगों का हालचाल जाना।
इसके बाद राहुल गांधी गुरदासपुर जिले के गुरचक्क गांव पहुंचे। यहां उन्होंने बांध टूटने से डूबे खेतों और घरों का निरीक्षण किया और किसानों से समस्याएं सुनीं। आगे जाते हुए उन्होंने ट्रैक्टर पर सवार होकर करीब आधा किलोमीटर का रास्ता तय किया और फिर अपनी गाड़ी तक पहुंचे।
राहुल गांधी ने गुरदासपुर के दीनानगर और मकौड़ा पत्तन गांव में भी प्रभावित किसानों से मुलाकात की। यहां उन्होंने बाढ़ से हुए नुकसान और राहत कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। किसानों ने उन्हें फसलों के नुकसान और सरकारी मदद में हो रही देरी की शिकायतें भी बताईं।
कांग्रेस नेता के साथ पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा भी मौजूद थे। राहुल गांधी का यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि बाढ़ से अब तक राज्य में 56 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों परिवार विस्थापित हो चुके हैं।
हालांकि सुरक्षा कारणों से राहुल गांधी का दौरा सीमित कर दिया गया। उन्हें सात और गांवों का दौरा करना था, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा टीम ने आगे जाने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद वह दीनानगर लौट आए।
गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर चुके हैं। अब राहुल गांधी के इस दौरे ने बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर और ज्यादा उजागर कर दिया है।

