Dhanbad News:- ईडी की छापेमारी के एक दिन बाद धनबाद के चर्चित कोल कारोबारियों में शामिल लाल बाबू सिंह उर्फ एलबी सिंह शनिवार को गरीबों के बीच साड़ी बांटते नज़र आए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में ईडी रेड को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।
एलबी सिंह ने कहा कि ईडी की टीम वर्ष 2017 के कोल स्टॉक से जुड़े मामले की जांच के तहत उनके घर पहुंची थी। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने पूरे सम्मान और सहयोग के साथ जांच अधिकारियों के सभी सवालों के जवाब दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया — “सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं, लेकिन मैं साफ कर देना चाहता हूँ कि ईडी ने मेरे घर से कोई भी सामान ज़ब्त नहीं किया है। जो भी कागज़ात ईडी की तरफ से मांगे गए, हमने उपलब्ध कराए। पंचनामा भी दिया गया है।”
पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि इससे पहले भी उनके घर पर सीबीआई की कार्रवाई हो चुकी है, तो सिंह ने जवाब दिया — “वह समय हमारी नासमझी का था। उस मामले में हमें पहले ही क्लीनचिट मिल चुकी है। हमारे खिलाफ अब कोई भी जांच लंबित नहीं है।”
ईडी टीम को कथित रूप से बाहर इंतजार कराने और कुत्ता छोड़ने के आरोपों पर भी उन्होंने सफाई दी। एलबी सिंह ने कहा —
“उन दिनों मेरी तबीयत काफी खराब थी, इसी वजह से मुख्य गेट खुलने में थोड़ी देर हो गई। जहां तक कुत्ता छोड़ने की बात है, वे तो घर के बच्चे थे और सामान्य रूप से ही परिसर में घूम रहे थे। इस बात को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।”
एलबी सिंह ने कहा कि वह जांच एजेंसियों के साथ पहले भी सहयोग करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सच जल्द ही सामने आ जाएगा।

