बक्सर, 23 अगस्त (हि.स.)। सावन की अंतिम सोमवारी यानी चौथी सोमवारी को लेकर बक्सर जिले में शिवभक्तों के बीच खासा उत्साह है। रविवार से ही रामरेखा घाट पर श्रद्धालुओं और कांवरियों की भीड़ बढ़ने लगी है। बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगा स्नान के बाद पवित्र गंगाजल लेकर बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ धाम सहित जिले के विभिन्न शिवालयों की ओर रवाना होंगे। सोमवार की अहले सुबह से ही मंदिरों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है।
सावन के शुरुआती दिनों से ही बक्सर के रामरेखा घाट पर कांवरियों और श्रद्धालुओं की लगातार भीड़ देखी जा रही है। अंतिम सोमवारी को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है। कांवरिए हाथों में कांवर लेकर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के साथ बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ की नगरी की ओर बढ़ रहे हैं। कई श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए मंदिरों तक पहुंच रहे हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोग गंगाजल लेकर आसपास के शिवालयों में भगवान शिव का जलाभिषेक करने की तैयारी में हैं।
अंतिम सोमवारी को लेकर इस बार श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में अधिक रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। विशेष रूप से बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ धाम में बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे।
भक्तों की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने भी व्यापक तैयारियां की हैं। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है।
रामरेखा घाट से लेकर बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ धाम तक सावन की अंतिम सोमवारी पर भक्तिमय माहौल रहने की उम्मीद है। रविवार से ही पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजने लगा है। अंतिम सोमवारी पर बक्सर में आस्था और भक्ति का भव्य नजारा देखने को मिलेगा।


