Nalanda News:- नालंदा पुलिस और एसटीएफ पटना की संयुक्त टीम ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गुफापर गांव में छापेमारी कर दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 99 जिंदा कारतूस, एक पिस्टल, दो मैगजीन और ₹1 लाख 33 हजार 400 रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान शशि रंजन यादव उर्फ गुड्डु कुमार (33 वर्ष) पिता अरुण कुमार, निवासी मघड़ा गुफापर थाना दीपनगर और गुलशन कुमार (30 वर्ष) पिता अजय सिंह, निवासी नरर्चवार थाना हरनौत, जिला नालंदा के रूप में की गई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने उनके ठिकाने से 7.65 एमएम पिस्टल, 9 एमएम के 56 कारतूस, 7.65 एमएम के 30 कारतूस, और 38 एमएम के 13 कारतूस बरामद किए। कुल मिलाकर 99 जिंदा कारतूस और दो मैगजीन जब्त की गईं।
इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व दीपनगर थानाध्यक्ष राजमणि ने किया, जबकि एसटीएफ पटना की टीम भी इसमें शामिल थी।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ लोग अवैध हथियारों की तस्करी में लिप्त हैं और बड़ी खेप की डिलीवरी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद देर रात पुलिस ने छापेमारी की और दोनों आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि ये हथियार कहां से लाए गए थे और किसे सप्लाई किए जाने वाले थे।
इस संबंध में दीपनगर थाना कांड संख्या 445/25 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसपी नालंदा ने कहा कि जिले में अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस टीम ने इस सफलता को बड़ी उपलब्धि बताया है, जिससे हथियार सप्लाई नेटवर्क पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।

