Imfal News:- मणिपुर में सुरक्षा बलों ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए प्रतिबंधित संगठनों के छह सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान उनके पास से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ, मोबाइल फोन और वाहन भी जब्त किए गए। बरामद किए गए गांजे का वजन लगभग 184.13 किलो बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, सबसे पहले केसीपी (सिटी मैइतेई) संगठन के दो उग्रवादियों को पकड़ा गया। इनमें 28 वर्षीय लैश्रम सुरनजॉय मैतेई उर्फ थॉई को इंफाल वेस्ट के लैरेनकाबी ममंग लाइकाई स्थित घर से गिरफ्तार किया गया। दूसरा कैडर 26 वर्षीय फिजाम अथैलू मैतेई को इंफाल ईस्ट क्षेत्र से दबोचा गया। इनके पास से दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
इसके बाद पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) का एक कैडर भी सुरक्षा बलों के हत्थे चढ़ा। आरोपी 50 वर्षीय कंगुजम नोंगमैखोम्बा मैइतेई, इंफाल ईस्ट का रहने वाला है। वह लंबे समय से बिष्णुपुर जिले में आम नागरिकों, व्यापारियों और शैक्षणिक संस्थानों से वसूली करने में संलिप्त था। तलाशी में उससे दो सिम कार्ड, एक मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद हुई।
इसी क्रम में केसीपी (पीडब्ल्यूजी) संगठन के दो अन्य कैडर भी गिरफ्तार किए गए। इनकी पहचान युमनाम सूरचन्द्र सिंह उर्फ सूर (35) और हाओरोंगबम टोम्बा मैतेई (29) के रूप में हुई है। दोनों इंफाल वेस्ट के लैरेनकाबी गांव के निवासी हैं।
इसके अलावा, एक अलग अभियान में 43 वर्षीय खोमद्रम देबेन मैतेई को इंफाल वेस्ट के पटसई थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। उसके पास से 184.13 किलो गांजा, एक टाटा ट्रक और मोबाइल फोन जब्त किया गया।
सुरक्षा बलों ने कहा कि यह कार्रवाई राज्य में उग्रवाद और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन प्रयासों का हिस्सा है। उनका मानना है कि ऐसे अभियानों से न केवल उग्रवाद पर रोक लगेगी बल्कि ड्रग्स के अवैध कारोबार पर भी लगाम कसी जा सकेगी।

