Koderma News:- गया–कोडरमा रेलखंड पर मंगलवार दोपहर भूस्खलन की वजह से डाउन लाइन पर करीब ढाई घंटे तक परिचालन ठप रहा। घटना नाथगंज और बसकटवा स्टेशनों के बीच दोपहर करीब 2 बजे हुई, जब भारी वर्षा के दौरान पहाड़ से मिट्टी और मलबा अचानक पटरी पर गिर पड़ा। इसकी सूचना अप लाइन से गुजर रही एक मालगाड़ी के चालक ने कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही धनबाद रेल मंडल कंट्रोल ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डाउन लाइन पर सभी ट्रेनों का परिचालन तत्काल रोक दिया। रेलवे कर्मियों और सुरक्षा बलों की मदद से ट्रैक से मिट्टी व मलबा हटाया गया। लगभग ढाई घंटे बाद डाउन लाइन पर परिचालन बहाल हो सका। इस दौरान यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गया–हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस और नई दिल्ली–पुरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें घंटों लेट हुईं।
प्रभावित ट्रेनें और देरी का समय
-
गया–हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस – 1 घंटा
-
नई दिल्ली–पुरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस – 3 घंटे
-
दानापुर–कोडरमा पैसेंजर – 3 घंटे 15 मिनट
-
वैशाली–कोडरमा – 3 घंटे
-
आरा–रांची – 1 घंटा 30 मिनट
डाउन लाइन की ट्रेनों को गया और आसपास के स्टेशनों पर रोक दिया गया, जबकि अप लाइन पर परिचालन सामान्य रहा। कोडरमा जंक्शन आने-जाने वाली कई ट्रेनों को डेढ़ से दो घंटे की देरी से रवाना किया गया।
गुरपा–गझंडी घाटी में अलर्ट
रेलवे ने गुरपा–गझंडी घाटी खंड में बार-बार हो रहे भूस्खलन को गंभीरता से लिया है। यह करीब 15 किलोमीटर लंबा घाटी सेक्शन संवेदनशील माना जाता है, जहां हर साल बारिश में पहाड़ से मलबा पटरियों पर गिरता है।
अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही स्थल निरीक्षण किया जाएगा और यात्रियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जाएंगे। पूर्व में भी यहां कई बार रेल परिचालन बाधित हो चुका है।

