Dhanbad News:- छठ महापर्व की आस्था के बीच धनबाद में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पुटकी थाना क्षेत्र के सिंह नेचुरल आउटसोर्सिंग माइंस में अचानक हुए भूस्खलन (लैंडस्लाइड) में तीन मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान केंदुआडीह थाना क्षेत्र के राजपूत बस्ती निवासी दीपक पंडित के रूप में हुई है। वहीं, घायल मजदूरों में गणेश महतो और किशोर महतो शामिल हैं, जिनका इलाज एक निजी नर्सिंग होम में जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार की सुबह दीपक पंडित डीजल टैंकरों में ईंधन भरवाने के लिए माइंस पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक ओबी (ओवर बर्डन) का ढेर धंस गया और वहां मौजूद तीनों मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मी और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला। लेकिन दीपक पंडित को बचाया नहीं जा सका।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, जिसमें पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन भी शामिल थे, मौके पर पहुंचे। आक्रोशित परिजनों ने मृतक का शव कंपनी गेट के सामने रखकर मुआवजा और आश्रित को नौकरी देने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
काफी समझाने-बुझाने और बातचीत के बाद कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच समझौता हुआ। कंपनी प्रबंधक प्रमोद सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को 15 लाख रुपये मुआवजा, एक लाख रुपये अंतिम संस्कार खर्च और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी है। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और स्थिति नियंत्रण में आ गई।
यह हादसा छठ पर्व की खुशियों के बीच शोक का कारण बन गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।

