Jammu Kashmir Nerws:- जम्मू-कश्मीर में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश ने तबाही मचा दी है। भारी बारिश के चलते जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। इसी दौरान रियासी ज़िले में स्थित माता वैष्णो देवी तीर्थस्थल पर जाने वाले मार्ग पर बड़ा हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, अधक्वारी क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आने से कम से कम पाँच श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल अधक्वारी के पास पहुँचे और राहत कार्य शुरू किया। फंसे हुए तीर्थयात्रियों को सुरक्षित निकालने का प्रयास जारी है। रियासी प्रशासन ने तुरंत मेडिकल टीमों को मौके पर भेज दिया है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।
भारी बारिश और लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए माता वैष्णो देवी यात्रा को फिलहाल अगली सूचना तक रोक दिया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर न जाएं और मौसम में सुधार होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहें।
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे तक बारिश जारी रहने की चेतावनी दी है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासन अलर्ट पर है।

