New Delhi:- जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर मंगलवार को हुए भीषण भूस्खलन ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस हादसे में अब तक 32 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई श्रद्धालु घायल हुए हैं। घटना उस समय हुई जब भारी बारिश के चलते अधक्वारी गुफा मंदिर के पास स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के करीब पहाड़ी का बड़ा हिस्सा ढह गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,
“श्री माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर हुए भूस्खलन के कारण हुई जनहानि दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर करे कि घायल जल्द से जल्द स्वस्थ हों। प्रशासन सभी प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। मैं सभी की सुरक्षा और कुशलक्षेम के लिए प्रार्थना करता हूं।”
रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसा देर रात हुआ जब हजारों श्रद्धालु मंदिर की ओर जा रहे थे। अचानक हुए भूस्खलन के कारण मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे फिलहाल मंदिर की यात्रा टाल दें, क्योंकि क्षेत्र में लगातार भारी बारिश और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
इस हादसे ने एक बार फिर चारधाम और तीर्थ यात्राओं में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। केंद्र और राज्य सरकार ने पीड़ितों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

