Darbhanga News:- बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मिथिला की धरती दरभंगा के हायाघाट में बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की विशाल जनसभा में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं बिहार चुनाव के सह प्रभारी केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि लालू और तेजस्वी ने बिहार को कलंकित किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिहार को विकास के रास्ते पर ले जाएंगे।
सभा में पहुंचते ही मौर्य ने सीता मईया की धरती को नमन किया और जनता से अपील की कि 6 नवम्बर को कमल का बटन दबाकर एनडीए प्रत्याशी रामचंद्र को भारी मतों से विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने पहले भी विकास की राह चुनी थी, अब उसे और तेज करने का समय है।
उप मुख्यमंत्री ने लालू-तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा कि “जिन लोगों ने बिहार की पहचान गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार से जोड़ी, उन्हें जनता बार-बार सबक सिखा चुकी है।” उन्होंने कहा कि लक्ष्मीजी लालटेन में नहीं बैठेंगी, कमल के फूल पर बैठकर आएंगी। तभी हायाघाट और बिहार का विकास संभव होगा।
मौर्य ने कहा कि महागठबंधन का बिहार में कोई भविष्य नहीं है। जो लोग विकास के बीच में रंग में भंग डालना चाहते हैं, उनकी परवाह न करें। बिहार, हरियाणा और महाराष्ट्र की तरह एनडीए की सरकार बनाकर दिखाए।
उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण मोदी सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति से संभव हुआ और अब सीता मईया का भव्य मंदिर भी बनेगा। उन्होंने जनता से छठ मईया से यह प्रार्थना करने का आह्वान किया कि बिहार में कमल का फूल खिले और एनडीए की सरकार बने।
सभा के अंत में मौर्य ने जय श्रीराम और भारत माता की जय के नारों के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।

