Jamui News:- बिहार के जमुई जिले के अचहरी गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां जयपुर में मजदूरी कर रहे टेनी मांझी नामक मजदूर के बैंक खाते में अचानक खरबों रुपये आ गए। यह घटना पूरे इलाके में सनसनी का कारण बन गई है। टेनी मांझी के कोटक महिंद्रा बैंक में खाता है, जो उन्होंने मजदूरी के दौरान मुंबई में खुलवाया था। वर्तमान में वह जयपुर में रहकर प्लंबिंग का कार्य करते हैं। उनके पिता कालेश्वर मांझी ने बताया कि कुछ दिन पहले उनकी तबीयत खराब थी और उन्होंने बेटे से इलाज के लिए पैसे मंगवाए। जब पैसा नहीं आया तो खाते की जानकारी ली गई, जहां यह हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ कि खाते में खरबों रुपये क्रेडिट हो गए हैं।
इस घटना की जानकारी मिलते ही बैंक ने सुरक्षा कारणों से खाते को फ्रीज कर दिया है। अब उस खाते से किसी तरह का लेन-देन संभव नहीं है। टेनी मांझी के पिता ने साफ कहा— “हमें इस पैसे से कोई मतलब नहीं, बस सरकार से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ चाहिए जो अब तक नहीं मिला।”
टेनी मांझी के कुल छह बच्चे हैं और पिता के भी छह संतानें हैं। पूरी जिम्मेदारी मजदूरी पर ही टिकी है। ऐसे में खरबों की रकम उनके खाते में आना न सिर्फ हैरानी की बात है, बल्कि इमानदारी की मिसाल भी बन गया है क्योंकि परिवार ने इसे तुरंत बैंक और प्रशासन के संज्ञान में ला दिया।
गांव में यह खबर जंगल की आग की तरह फैल गई है और लोग इसे “ईमानदारी और सादगी की मिसाल” मान रहे हैं। मामले की जांच अब बैंक और वित्तीय एजेंसियां कर रही हैं।

