Saran News:- बिहार के सारण जिले के अकिलपुर थाना क्षेत्र के मानस नया पानापुर-42 पट्टी गांव में रविवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। इंदिरा आवास योजना के तहत बना करीब 25 से 30 साल पुराना मकान अचानक ढह गया, जिसमें सोते हुए एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में गृहस्वामी बबलू खान (32), उनकी पत्नी रौशन खातून (30), बेटी रुकसार (12), बेटा मोहम्मद चांद (10) और सबसे छोटी चांदनी (2) शामिल हैं। बताया गया कि परिवार रोज की तरह खाना खाकर सो गया था, तभी देर रात करीब 9:30 बजे छत भरभराकर गिर पड़ी। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में जुट गए। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद अकिलपुर थाना प्रभारी दल-बल के साथ पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों और पुलिस की कोशिशों के बावजूद जब तक सभी को बाहर निकाला गया, तब तक पांचों की मौत हो चुकी थी। शवों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने बताया कि यह मकान ईंट और सीमेंट से बना पुराना पक्का घर था, जिसकी छत कमजोर हो चुकी थी। अचानक छत गिरने से यह दर्दनाक हादसा हुआ। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर (पटना) भेजा गया है। पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुःखद घटना है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को धैर्य धारण करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
गांव में इस घटना के बाद मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने सरकार से पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।