Koderma News :- कोडरमा जिले में गुरुवार सुबह से हो रही रुक-रुक कर भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह हादसों की खबरें सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में सदर अस्पताल की चारदीवारी गिरने की बड़ी घटना ने लोगों को दहला दिया। जानकारी के अनुसार, कोडरमा मुख्यालय से महज दो सौ मीटर की दूरी पर, व्यवहार न्यायालय के ठीक सामने स्थित एसडीओ आवास और सदर अस्पताल की चारदीवारी अचानक बारिश के कारण धराशायी हो गई। इस घटना में वहां खड़े करीब आधा दर्जन चारपहिया वाहन और दो दर्जन से अधिक मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत यह रही कि हादसे के समय वाहनों में कोई भी सवार नहीं था, अन्यथा एक बड़ी त्रासदी हो सकती थी।
हालांकि, मौके पर मौजूद एक व्यक्ति दीवार की चपेट में आ गया और घायल हो गया। घायल की पहचान झामुमो कोडरमा नगर पंचायत सचिव मनीष पांडे के रूप में हुई है। उन्हें तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दीवार अचानक भरभराकर गिरी और देखते ही देखते कई वाहन उसके नीचे दब गए। कई वाहन मालिक मलबे से अपनी गाड़ियां निकालने की कोशिश में हल्की चोटिल भी हुए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चारदीवारी का निर्माण घटिया तरीके से किया गया था। बारिश ने इस निर्माण की गुणवत्ता की पोल खोल दी है। घटना के बाद लोगों ने संवेदक और निर्माण एजेंसी पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
इधर, घटना की सूचना पाकर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मलबे में दबे वाहनों को निकालने का काम शुरू कराया। फिलहाल इस हादसे से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग प्रशासन से दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

