Koderma News: आम नागरिकों के गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर कोडरमा पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘विश्वास’ के तहत बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आधुनिक तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल ट्रैकिंग और डेटा विश्लेषण के जरिए कुल 177 स्मार्टफोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 53 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में टेक्निकल सेल, कोडरमा की टीम ने मोबाइल फोन की तकनीकी जानकारी और उपलब्ध डेटा के आधार पर लगातार कार्रवाई की। जांच के दौरान बरामद किए गए 177 मोबाइल में से 121 मोबाइल दूसरे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से गुम या चोरी हुए थे, जबकि 56 मोबाइल कोडरमा जिले से गुम या चोरी होने की शिकायत दर्ज थी।
पुलिस के अनुसार महाराष्ट्र से 35, दिल्ली से 31, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना से 13-13, कर्नाटक से 8, केरल से 5, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से 3-3 मोबाइल बरामद किए गए। इसके अलावा हरियाणा, तमिलनाडु और छत्तीसगढ़ से 2-2 तथा राजस्थान, आंध्र प्रदेश, गोवा और दादर एवं नगर हवेली से एक-एक मोबाइल बरामद हुआ है।
दूसरे राज्यों से बरामद किए गए मोबाइल फोन को संबंधित राज्यों के सीईआईआर (CEIR) नोडल को भेजने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया जा सके। वहीं, कोडरमा जिले से गुम या चोरी हुए 56 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को पुलिस अधीक्षक द्वारा वापस किए गए।
लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने कोडरमा पुलिस की इस पहल के लिए आभार जताया। पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों को राहत मिली, जिन्होंने मोबाइल गुम होने के बाद उसकी बरामदगी की उम्मीद छोड़ दी थी।
मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना को सूचना दें
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना को सूचना दें और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत मिलने से पुलिस को मोबाइल ट्रैक करने और उसे बरामद करने में मदद मिलती है। कोडरमा पुलिस ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा और सेवा के प्रति पुलिस लगातार प्रतिबद्ध है।


